रेवाड़ी – मुंह में छाले होना एक आम समस्या है और ज्यादातर छाले एक से दो सप्ताह के भीतर अपने आप ठीक हो जाते हैं। ये छाले मुंह कटने, मसालेदार भोजन, तनाव, विटामिन की कमी या छोटे संक्रमण की वजह से हो सकते हैं। लेकिन अगर कोई छाला दो सप्ताह से ज्यादा समय तक ठीक न हो, तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह मुंह के कैंसर का शुरुआती संकेत भी हो सकता है।
मैक्स हॉस्पिटल, गुरुग्राम के सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के एसोसिएट डायरेक्टर एवं यूनिट हेड डॉ. कौशल किशोर यादव ने बताया, "अगर मुंह का छाला दो सप्ताह से ज्यादा समय तक बना रहे, बार-बार खून आए, सफेद या लाल धब्बा दिखाई दे, निगलने या बोलने में परेशानी हो या गर्दन में गांठ महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से जांच करानी चाहिए। शुरुआती अवस्था में बीमारी का पता चलने पर इलाज आसान होता है और मरीज के ठीक होने की संभावना काफी बढ़ जाती है।"
तंबाकू, गुटखा, खैनी, पान, सुपारी और सिगरेट का सेवन करने वाले लोगों में मुंह के कैंसर का खतरा सबसे अधिक होता है। नियमित शराब का सेवन, मुंह की ठीक से सफाई न रखना और परिवार में इस बीमारी का इतिहास भी जोखिम बढ़ा सकता है। इसलिए ऐसे लोगों को नियमित रूप से मुंह की जांच करानी चाहिए।
जरूरत पड़ने पर डॉक्टर मुंह की जांच, सीटी स्कैन, एमआरआई या बायोप्सी की सलाह दे सकते हैं। आज आधुनिक सर्जरी और बेहतर इलाज की मदद से मुंह के कैंसर का सफल उपचार संभव है, खासकर जब बीमारी का पता शुरुआती चरण में चल जाए।



Social Plugin